इस टूल के बारे में
आवेदन फ़ॉर्म पर फ़ोटो या हस्ताक्षर अपलोड करते समय दो चीज़ें जाँची जाती हैं — तस्वीर कितने पिक्सेल चौड़ी और ऊँची है, और फ़ाइल कितने किलोबाइट की है। यह टूल दोनों एक साथ सँभालता है। आप माप और KB की छत बताइए, यह ठीक उन्हीं माप की और उस छत से हल्की JPEG बनाकर देता है।
ड्रॉपडाउन में दो शुरुआती बिंदु मिलते हैं — फ़ोटो के लिए 200 × 230 px और 50 KB तक, हस्ताक्षर के लिए 140 × 60 px और 20 KB तक। कोई एक चुनते ही नीचे के बॉक्स भर जाते हैं, और बॉक्स आपके बदलने के लिए खुले रहते हैं। इन्हें शुरुआत की एक मुनासिब शक्ल मानिए, किसी की शर्त नहीं। हमने इन्हें किसी परीक्षा, पोर्टल या विभाग पर जाँचा नहीं है, और जान-बूझकर किसी का नाम भी नहीं लेते। जिस साइट पर आप आवेदन कर रहे हैं, उसके निर्देश खोलिए, आज की संख्याएँ देखिए और वही भरिए। असली जवाब सिर्फ़ उसी पन्ने पर मिलेगा।
जब साइज़ की सीमा और माप आपस में मेल नहीं खातीं, टूल रुककर बता देता है। वह तस्वीर घटाकर फ़ाइल फ़िट भी कर सकता था — बहुत सी साइटें यही करती हैं — पर तब आप ऐसी चीज़ डाउनलोड करते जो KB की जाँच पास कर लेती और पिक्सेल की जाँच में गिर जाती। यहाँ फेल होना सुधारा जा सकता है। पोर्टल पर, या उससे भी बुरा, महीनों बाद सत्यापन की मेज़ पर फेल होना नहीं।
सब कुछ आपके डिवाइस पर चलता है। इमेज आपके ब्राउज़र में ही खुलती है, आपकी बताई माप पर दोबारा बनती है और वहीं सहेजी जाती है। किसी सर्वर पर कुछ नहीं जाता, तो न कमज़ोर मोबाइल डेटा पर अपलोड का इंतज़ार, न आपकी तस्वीर की कोई कॉपी कहीं पीछे छूटी हुई।
इस टूल का इस्तेमाल कैसे करें
- अपनी इमेज चुनें। फ़ोटो या हस्ताक्षर की JPG, PNG या WebP फ़ाइल, 50 MB तक।
- उदाहरण के तौर पर शुरुआत चुनें। “फ़ोटो: 200 × 230 px, 50 KB तक” या “हस्ताक्षर: 140 × 60 px, 20 KB तक” चुनते ही नीचे के बॉक्स भर जाते हैं। “अपनी माप” चुनने पर वे वैसे ही रहते हैं।
- संख्याएँ अपनी भर लें। प्रीसेट भरने के बाद भी चौड़ाई, ऊँचाई और KB के बॉक्स बदले जा सकते हैं। आपका फ़ॉर्म जो माँगता है वही भरिए — प्रीसेट सिर्फ़ इसलिए हैं कि ख़ाली खाने से शुरुआत न करनी पड़े।
- तय करें कि कैसे फ़िट हो। “फ़िट करें, बची जगह सफ़ेद” पूरी इमेज को डिब्बे के अंदर रखता है और बाक़ी जगह सफ़ेद कर देता है। “भरें और बीच से क्रॉप करें” डिब्बा भर देता है और बाहर निकला हिस्सा काट देता है।
- चलाएँ और सहेजें। पुराना और नया साइज़, नतीजे की सही माप और डाउनलोड से पहले एक झलक — सब सामने आ जाता है।
यह टूल क्या नहीं करता
- प्रीसेट उदाहरण हैं। ये किसी परीक्षा, बोर्ड, विश्वविद्यालय, विभाग या पोर्टल की जाँची-परखी शर्तें नहीं हैं, और टूल यह नहीं बता सकता कि आपका अपलोड स्वीकार होगा या नहीं।
- यह चेहरे की जगह, बैकग्राउंड का रंग, हाव-भाव या फ़ोटो की सामग्री से जुड़ी कोई और बात नहीं जाँचता।
- KB सीमा पाने के लिए यह चुपचाप माप नहीं घटाता। नामुमकिन जोड़ पर ख़राब फ़ाइल के बजाय त्रुटि मिलती है।
- नतीजा सिर्फ़ JPEG होता है। पारदर्शिता की जगह सफ़ेद आ जाता है।
- यह आपकी KB सीमा पर या उससे नीचे आता है, ठीक उतने बाइट पर नहीं।
आम सवाल
क्या ये प्रीसेट मेरी परीक्षा या आवेदन की आधिकारिक शर्तें हैं?
नहीं। ये सिर्फ़ बदले जा सकने वाले उदाहरण हैं, इससे ज़्यादा कुछ नहीं। किसी परीक्षा, बोर्ड, विश्वविद्यालय या विभाग ने हमें ये संख्याएँ नहीं बताई हैं, और हमने इन्हें किसी पोर्टल पर जाँचा भी नहीं है। शर्तें पोर्टल-दर-पोर्टल अलग होती हैं और हर चक्र में बदलती हैं। जिस साइट पर आप सचमुच आवेदन कर रहे हैं, उसके निर्देश पढ़िए और वही संख्याएँ भरिए।
हर फ़ॉर्म के असली साइज़ की सूची क्यों नहीं दे देते?
क्योंकि ऐसी सूची चुपचाप पुरानी पड़ जाती है। पिछले साल सही रही और आज ग़लत हो चुकी संख्या, कोई संख्या न होने से ज़्यादा ख़तरनाक है — क्योंकि तब आपको उसे दोबारा जाँचने की वजह ही नहीं दिखती। दो आम शुरुआती बिंदु और यह साफ़ याद दिलाना कि ख़ुद जाँच लें, यही ईमानदार तरीक़ा है।
यह कह रहा है कि इन माप के साथ साइज़ सीमा पूरी नहीं हो सकती।
आपकी बताई पिक्सेल माप पर सबसे कम JPEG क्वालिटी में भी फ़ाइल आपकी KB सीमा से ऊपर रह जाती है। टूल पीठ पीछे तस्वीर छोटी करने के बजाय मना कर देता है — साइज़ में फ़िट पर ग़लत माप वाली फ़ाइल यहाँ पास हो जाती और वहाँ फेल। जो आपका फ़ॉर्म इजाज़त दे, उसके हिसाब से या तो KB सीमा बढ़ाइए या चौड़ाई-ऊँचाई घटाइए।
क्या टूल कभी मेरी भरी हुई पिक्सेल माप बदलता है?
कभी नहीं। नतीजा ठीक उतना ही होता है जितना चौड़ाई और ऊँचाई के बॉक्स में लिखा है। फ़ाइल साइज़ तक पहुँचने के लिए सिर्फ़ इमेज क्वालिटी की क़ुर्बानी दी जाती है।
पासपोर्ट जैसी फ़ोटो के लिए कौन सा फ़िट ठीक रहेगा?
अगर फ़ोटो की फ़्रेमिंग पहले से मोटे तौर पर ठीक है तो “भरें और बीच से क्रॉप करें”, क्योंकि उसमें सफ़ेद पट्टियाँ नहीं आतीं। अगर क्रॉप से सिर या ठोड़ी कट रही है, तो पहले इमेज क्रॉपर से ख़ुद क्रॉप कीजिए और फिर यहाँ लौटिए।
वापस कौन सा फ़ॉर्मैट मिलता है?
हमेशा JPEG। फ़ाइल साइज़ पर काबू इसी से मिलता है। PNG का पारदर्शी बैकग्राउंड सफ़ेद में बदल जाता है।